सरवानिया महाराज में सांदीपनि विद्यालय में 150 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित

अनिल लक्षकार April 11, 2026, 5:55 am Technology

सरवानिया महाराज। नगर परिषद डोम में सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं संकुल के अंतर्गत आने वाले समस्त शासकीय विद्यालयों के कक्षा 6 वीं एवं 9 वीं के पात्र विद्यार्थियों को 150 निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विधायक महोदय का पुष्पवर्षा एवं तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया।

इसके पश्चात माँ शारदे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। संकुल प्राचार्य रामकरण मीणा ने स्वागत भाषण देते हुए विधायक द्वारा संचालित ‘दीप प्रोजेक्ट’ जैसी योजनाओं को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। नगर अध्यक्ष रूपेंद्र जैन ने विद्यालय में लगभग 53 लाख रुपये की लागत से बन रही विज्ञान प्रयोगशाला के लिए आभार व्यक्त करते हुए सांदीपनि विद्यालय के लिए शीघ्र नवीन भवन निर्माण की मांग रखी।

विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से समय-समय पर विद्यालय आकर बच्चों की प्रगति पर नजर रखने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश स्पोकन क्लासेस प्रारंभ कराने एवं विद्यालय के नए भवन निर्माण का आश्वासन भी दिया। इसके पश्चात लगभग 150 निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के चेहरों पर खुशी की लहर छा गई।

इस अवसर पर बीईओ बी.एल. वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, नगर अध्यक्ष रूपेंद्र जैन, जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण, जिला मंत्री शिवम पुरोहित, मंडल महामंत्री राजेंद्र सिंह, किसान मोर्चा के रामनारायण राठौर, मंडल उपाध्यक्ष भूपेश देवड़ा, सत्यनारायण रावत, हेमंत पुरोहित, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल राठौर, पार्षदगण, संकुल प्राचार्य रामकरण मीणा, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्मिता नागदा, संकुल स्टाफ, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र कुमार गुर्जर ने किया।

"पत्रकारों को नहीं दी सूचना, नाराजगी बढ़ी" :-

कार्यक्रम के संबंध में पत्रकारों को पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। इस पर जब विधायक ओमप्रकाश सखलेचा से जानकारी ली गई तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं संकुल प्राचार्य आर. के. मीणा ने बताया कि कार्यक्रम तत्काल तय किया गया था, पहले से विधायक के आने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आगे से प्रेस को समय पर सूचना देने का आश्वासन दिया। स्थानीय पत्रकारों में इसको लेकर नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि पिछले तीन-चार कार्यक्रमों से लगातार सूचना नहीं दी जा रही है, जिससे मीडिया प्रतिनिधियों में असंतोष बढ़ रहा है।

पत्रकारों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों की समय पर जानकारी दी जाए, ताकि जनहित से जुड़ी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।

Related Post