Latest News

मुंबई में आज मॉनसून की दस्तक, बिहार में 12 जून तक बारिश, जानें मौसम का हाल

Neemuch headlines June 9, 2021, 8:19 am Technology

मॉनसून आज मुंबई में दस्तक देने को तैयार है। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बुधवार को मुंबई पहुंच सकता है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग की निदेशक शुभांगी भुते ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून के बुधवार को मुंबई पहुंचने के संकेत हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा,‘वर्तमान अनुकूल स्थितियों के कारण आज मुंबई के विभिन्न हिस्से में बारिश हुई। मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग (आरएमसी) ने बताया कि सुबह 11 बजे तक यहां मालवणी, बोरीवली और दहिसर जैसे इलाकों में 30 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने महाराष्ट्र में शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने की पुष्टि कर दी थी, जब मानसून तटीय रत्नागिरी जिले में हरनाई बंदरगाह में पहुंचा था। अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद, मानसून अब भी मुंबई नहीं पहुंचा है।

आईएमडी ने दोपहर में पूर्वानुमान जताया कि तेज हवाओं के साथ मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर, पुणे, नासिक और मध्य महाराष्ट्र में मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

ठाणे में लोगों के झील और झरनों पर जमा होने पर रोक महाराष्ट्र में ठाणे जिला प्रशासन ने क्षेत्र में मानसून की शुरुआत के मद्देनजर झरनों, झीलों और बांधों के पास लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर राजेश नार्वेकर ने क्षेत्र में जलाशयों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि आदेश में जिले के कुछ खतरनाक स्थानों की सूची दी गई है और लोगों से कहा गया है कि वे मानसून के दौरान इन स्थानों पर न जाएं।

मुंबई सहित महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्से और पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्से में अगले 2-3 दिन के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के आसार हैं। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और इसके आस-पास के इलाकों में 11 जून तक कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं।

केरल में कुछ स्थानों पर, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके के अलग-अलग स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से 3.1 से 5.० डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। बिहार में बारिश ही बारिश बिहार कई हिस्सों में बुधवार से शनिवार यानी 12 जून तक तेज आंधी, पानी के साथ वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ आंधी-तूफान आएगा। उत्तर-मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में भी यही स्थिति रहेगी। इसके अलावा दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के लिए भी 12 जून तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना सहित विभिन्न जिलों में इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जाहिर की गई है।

अभी पिछले चार दिनों से जिस तरह की गर्मी पड़ रही है, उस हिसाब से बारिश काफी तेज हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार समय से पहले ही बिहार में मानसून की बारिश शुरू हो सकती है। राजस्थान में तापमान बढ़ा, अनेक इलाकों में लू की चेतावनी मौसम विभाग ने राजस्‍थान के कई जिलों में तेज गर्म हवाएं और लू चलने की चेतावनी जारी की है, प्रदेश में बीते चौबीस घंटे में सबसे अधिक तापमान गंगानगर में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्‍य में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और इस दौरान सर्वाधिक तापमान गंगानगर में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्र के प्रवक्‍ता के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ऊपर दबाव क्षेत्र बनने के कारण जोधपुर व बीकानेर संभाग के जिलों में अगले तीन-चार दिन 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

Related Post