नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र में शनिवार को 59वां स्थापना दिवस श्रद्धा, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया। उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक शौर्य स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया। श्रद्धांजलि समारोह में ग्रुप केंद्र के अधिकारियों एवं जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वीर शहीदों को सलामी दी गई और देशभक्ति से ओतप्रोत पारंपरिक गीत "वतन की राह में वतन के नौजवान शहीद हों" का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरदार पोस्ट से लाई गई पावन मिट्टी से भरे कलश पर अधिकारियों एवं जवानों ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर राष्ट्ररक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 1968 को सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में ग्रुप केंद्र की स्थापना हुई थी। स्थापना के 59 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया। देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं राष्ट्रीय एकता की रक्षा में सीआरपीएफ की उल्लेखनीय भूमिका का स्मरण करते हुए अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्रुप केंद्र के सभी मैस में परंपरानुसार 'बड़ा खाना' का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता की।