नीमच। युगदृष्टा, राष्ट्रऋषि एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर शनिवार को नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रधानमंत्री उत्कृष्ट महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन, उनके विचार एवं राष्ट्रसेवा का संदेश आज भी युवाओं को चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण कर ही सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र भटनागर, कॉलेज जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा, मंडल अध्यक्ष दारासिंह यादव, राजेश बैरागी, लोकेश चांगल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अमन बैरागी, नगर मंत्री शुभम बागड़ी, खेलो भारत के प्रमुख जतिन शर्मा सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने के संकल्प के साथ हुआ।