नीमच ।जिला प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पारिवारिक मिलन समारोह शनिवार को सिंगोली रोड स्थित मालखेड़ा वाटर पार्क में हर्षोल्लास और आत्मीय माहौल के बीच संपन्न हुआ। सुबह से शाम तक चले इस आयोजन में पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर भरपूर आनंद उठाया। पूल पार्टी, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सम्मान समारोह और स्नेहभोज कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा, राष्ट्रीय कवयित्री प्रेरणा ठाकरे, नगर परिषद रतनगढ़ की उपाध्यक्ष किरण छिपा तथा हिन्दू महासभा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विनीता कांठेड मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने कार्यक्रम का अवलोकन कर प्रेस क्लब की इस अनूठी पहल की सराहना की। सुबह आयोजित पूल पार्टी में बच्चों, महिलाओं एवं पत्रकार साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात विभिन्न आयु वर्गों के लिए मनोरंजक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने अपार उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। द्वितीय सत्र में नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे बच्चों एवं महिलाओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। ये हुए पुरस्कृत प्रतियोगिताओं में लूडो जूनियर वर्ग में परी वर्मा प्रथम रहीं, जबकि सीनियर वर्ग में जिया प्रपन्ना ने पहला स्थान प्राप्त किया। गर्ल्स पिरामिड गेम में शालिनी वैष्णव प्रथम, सोनल गुर्जर द्वितीय एवं नेहा गुर्जर तृतीय रहीं। लेडीज गेम 1 में चंदा प्रथम तथा उर्वशी द्वितीय रहीं, जबकि लेडीज गेम-2 में सुशीला प्रथम एवं दुर्गा द्वितीय स्थान पर रहीं। बालिका दौड़ में माया कच्छावा प्रथम, दीक्षा गहलोत द्वितीय एवं दुर्वा गुर्जर तृतीय रहीं। डुग्गू रेस (बालिका वर्ग) में दुर्वा गुर्जर प्रथम, माया कच्छावा द्वितीय तथा अलवीरा मंसूरी तृतीय रहीं। छोटे बच्चों की दौड़ में मोहित सोलंकी प्रथम, अंतिम मंसूरी द्वितीय एवं नमन तृतीय रहे। डुग्गू रेस में अहद प्रथम, मोहित सोलंकी द्वितीय एवं धैर्य तृतीय रहे। बड़े बच्चों की दौड़ में कासिम प्रथम, कमिश द्वितीय तथा अहद तृतीय रहे। सबसे छोटे बच्चों की दौड़ में युवराज राठौर प्रथम, श्रेयांश सेठिया द्वितीय एवं वैदिक सेन तृतीय रहे। हाउजी प्रतियोगिता में प्रथम लाइन के विजेता भावेश श्रीवास्तव, द्वितीय लाइन के विजेता निलेश गुर्जर एवं तृतीय लाइन के विजेता इम्तियाज मंसूरी रहे। वहीं रमेश लखेरा ने प्रथम स्थान, राकेश कासमा ने फुल हाउस, शिवनंदन छिपा ने सेकंड फुल हाउस तथा रेहान खान ने कॉर्नर श्रेणी में जीत दर्ज की। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नीमच जिला प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों एवं उनके परिवारों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आत्मीयता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने प्रेस क्लब परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार साथियों के साथ उनके परिवारजन भी पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में शामिल हुए और दिनभर चले आयोजन का भरपूर आनंद लिया। पूल पार्टी से लेकर खेलकूद प्रतियोगिताओं, सम्मान समारोह और स्नेहभोज तक प्रत्येक गतिविधि में बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों की सक्रिय भागीदारी रही। व्यवस्थाओं की हुई सराहना आयोजन में शामिल पत्रकारों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने नीमच जिला प्रेस क्लब की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की। प्रतिभागियों ने कहा कि दिनभर चलने वाले इस प्रकार के बहुआयामी कार्यक्रम में समयबद्ध रूप से सभी गतिविधियों का संचालन, अतिथियों का स्वागत, प्रतियोगिताओं का आयोजन, चाय-नाश्ता, अल्पाहार एवं स्नेहभोज की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। इसके बावजूद पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं, जिससे सभी ने आनंददायक एवं पारिवारिक वातावरण का अनुभव किया। उपस्थित लोगों ने इसे नीमच जिला प्रेस क्लब का अब तक का सबसे सफल और यादगार पारिवारिक आयोजन बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष विष्णु परिहार ने किया, जबकि अंत में सचिव मनीष चांदना ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नीमच जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम गुर्जर ने कहा कि पारिवारिक मिलन समारोह का उद्देश्य पत्रकार साथियों एवं उनके परिवारों के बीच आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता में सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं परिवारजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष ललितसिंह चुण्डावत, कोषाध्यक्ष श्याम सारड़ा, सहसचिव मुकेश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य राजू नागदा, अर्जुन सिंह जायसवाल, विधिक सलाहकार भारतसिंह सोलंकी सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित थे।