सीआरपीएफ नीमच में 14 अस्पताल कार्मिकों का शपथ ग्रहण एवं रैक समारोह सम्पन्न, राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प।

Neemuch headlines June 20, 2026, 6:15 pm Technology

नीमच। केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), नीमच में शनिवार को 14 अस्पताल कार्मिक बुनियादी प्रशिक्षुओं का शपथ ग्रहण सह रैक समारोह ग्रुप केंद्र नीमच के क्वार्टर गार्ड में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री संदीप दत्ता, महानिरीक्षक, प्रशिक्षण महानिदेशालय, सीआरपीएफ, नई दिल्ली ने परेड की सलामी ली। वहीं मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी एवं कमांडेंट श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता (पीएमजी) ने नव प्रशिक्षुओं को राष्ट्र सेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक श्री प्रमोद कुमार सिंह, कमांडेंट श्री छोटन ठाकुर, श्री प्रमोद कुमार साहू, श्री हरविंदर सिंह, सहित सीआरपीएफ के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, जवान एवं प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे। परेड का नेतृत्व निरीक्षक/जीडी बीरचंद मेघवाल ने किया। अस्पताल कार्मिकों का यह बुनियादी प्रशिक्षण 9 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ था। 18 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को अनुशासन, शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन, निहत्थी लड़ाई, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन तथा जनसंपर्क संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही जंगल कैंप एवं प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहने का विशेष अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को इंडोर, आउटडोर एवं ऑल राउंड बेस्ट प्रशिक्षु श्रेणियों में ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री संदीप दत्ता ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब ये प्रशिक्षु पूर्ण सैनिक के रूप में देश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात होकर अपनी सेवाएं देंगे। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं रण-कौशल प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों और परिजनों का मन मोह लिया।

समारोह का समापन फोटोग्राफी सत्र एवं मीडिया संवाद के साथ हुआ।

Related Post