नीमच ।हरकियाखाल मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। प्रतापगढ़ से नीमच की ओर आ रही एक आई-20 कार अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार दंपत्ति एवं उनके तीन मासूम बच्चे बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम-ब्यावर निवासी पंकज कुमार दक, उनकी पत्नी हर्षिता दक तथा उनके तीन बच्चे कार में सवार होकर नीमच जा रहे थे। जीरन से हरकियाखाल के बीच चलते समय कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार पुलिया से नीचे गिरकर पलट गई। हादसा बेहद गंभीर था, लेकिन कार में लगे एयरबैग समय पर खुल जाने से बड़ा नुकसान टल गया। दुर्घटना में सभी यात्रियों को मामूली चोटें और झटके आए हैं, जबकि किसी को भी गंभीर चोट नहीं लगी। बताया जा रहा है कि घायल परिवार जीरन के प्रतिष्ठित व्यवसायी अशोक जैन (बीड़ी वाले) के रिश्तेदार हैं। वे कुछ समय पहले ही अशोक जैन से मुलाकात कर नीमच के लिए रवाना हुए थे। पुलिस ने दिखाई तत्परता घटना की सूचना मिलते ही हरकियाखाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय नीमच भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। समय पर खुले एयरबैग इस परिवार के लिए जीवनरक्षक साबित हुए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।