एसडीएम जैन ने तीन निजी अस्पतालों का किया निरीक्षण, गुप्ता हॉस्पिटल, चौधरी नर्सिंग होम एवं केयर वेल हॉस्पिटल में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Neemuch headlines June 12, 2026, 4:07 pm Technology

मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश ।

नीमच। एसडीएम पराग जैन ने गुरुवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नीमच शहर स्थित गुप्ता हॉस्पिटल, चौधरी नर्सिंग होम एवं केयर वेल हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एसडीएम जैन ने अस्पतालों में ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, दवा भंडार, स्वच्छता व्यवस्था, फायर सेफ्टी, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने उपस्थित डॉक्टरों एवं स्टाफ से मरीजों के उपचार, पंजीयन, शुल्क एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए‌ सभी आवश्यक दस्तावेज एवं अनुमतियां अद्यतन रखें तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Post