जावद। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंगवा में बुधवार दोपहर खेत पर कृषि कार्य के दौरान एक महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाने के बावजूद महिला की जान नहीं बच सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्वती पति लक्ष्मीलाल धाकड़ (45 वर्ष) निवासी सेंगवा खेत पर ज्वार काटने गई थीं।
इसी दौरान खेत में कार्य करते समय उन्हें एक जहरीले सांप ने काट लिया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा महिला का उपचार शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना से परिवार में शोक की लहर फैल गई है। सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। ।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद लोगों से खेतों में कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।