Latest News

बरगी हादसे के बाद सख्ती: गांधीसागर बैकवॉटर में सीसीटीवी निगरानी के साथ फिर दौड़ेंगे स्टीमर

दशरथ माली June 9, 2026, 12:48 pm Technology

गरोठ। बरगी बांध हादसे के बाद जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से बंद किए गए गांधीसागर बैकवॉटर क्षेत्र के स्टीमर संचालन को अब कड़े सुरक्षा मानकों के साथ पुनः शुरू कर दिया गया है।

बालोदा-चचोर मार्ग पर चलने वाले स्टीमर अब सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेंगे। पूर्व में एसडीएम राहुल चौहान द्वारा निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं में खामियां पाए जाने पर 12 स्टीमर का संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद प्रशासन ने स्टीमर संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए थे। हाल ही में जल संसाधन विभाग के एसडीएम (विद्युत/यांत्रिकी) दिलीप सागित्रा ने सभी स्टीमरों का पुनः निरीक्षण किया। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम, लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, रस्सियां, एंकर और अन्य सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने स्टीमर संचालन की अनुमति देते हुए स्पष्ट किया कि मौसम खराब होने, तेज हवा या आंधी की स्थिति में जलयान नहीं चलाए जाएंगे। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित जलयान संचालक जिम्मेदार होंगे। प्रशासन ने सभी संचालकों को यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Related Post