Latest News

खीमला पावर प्रोजेक्ट पर फिर उठे सवाल: तेज रफ्तार बस की टक्कर से अतिथि शिक्षक समेत दो घायल, ग्रामीणों में आक्रोश

दशरथ माली June 8, 2026, 4:11 pm Technology

रामपुरा। क्षेत्र में संचालित खीमला पावर प्रोजेक्ट से जुड़े निर्माण कार्यों के दौरान लगातार सामने आ रहे हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनियां ग्रीनको, एलएनटी और डीबीएल की लापरवाही के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई मजदूर घायल हो चुके हैं और कुछ लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। ताजा मामला रविवार 7 जून 2026 का है। एक ओर ग्रीनको परियोजना स्थल पर कार्य के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण 9 मजदूर घायल हो गए, वहीं दूसरी ओर ग्राम बेसला घाट पर ग्रीनको की अनुबंधित बस ने क्रॉसिंग के दौरान एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक चालक जीवन चौहान पिता गब्बाजी चौहान, निवासी खीमला एवं पेशे से अतिथि शिक्षक, तथा उनके पीछे बैठी उनकी मौसी अंता बाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्राम बेसला के सरपंच प्रतिनिधि अमर रावत ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से तत्काल शासकीय अस्पताल रामपुरा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जीवन चौहान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रोजेक्ट में संचालित बसें और भारी वाहन अत्यधिक तेज गति से चलते हैं, जिससे सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। उनका कहना है कि कई वाहन तकनीकी रूप से भी फिट नहीं हैं, फिर भी उनका संचालन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग से मांग की है कि प्रोजेक्ट से जुड़े सभी वाहनों की सघन जांच कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। चेतावनी देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो वे एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।

Related Post