नीमच । शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किए गए थे। पूरे शहर के लगभग 200 जरूरतमंद हितग्राहियों को अपात्र कर दिया गया। जिसमें सभी का कारण अलग-अलग बताया गया है। लेकिन उनमें से अधिकतर पात्र हो सकते थे, उन्हें लाभ दिया जाना चाहिए था। काफी समय से ऐसे पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राही इस योजना का इंतजार कर रहे थे। वे सभी हितग्राही मध्यम वर्गीय होकर जैसे तैसे अपने जीवन का यापन कर रहे हैं अपात्र हुए हितग्राहियों में पूरे शहर के 200 व शहर के वार्ड क्रमांक 9, 10, 11 में 80 नाम अलग-अलग कारणों से अपात्र किए गए हैं, जो इन दोनों परेशान हो रहे हैं कई परिवारों को उनके मकान में भंगार का सामान भरा होना व छत पर लोहे की गाडर-चौका का हवाला देकर अपात्र किया गया। जबकि वे मकान 40-50 वर्ष पुराने होकर जर्जर अवस्था में है। ऐसे मकानों में बारिश के समय पानी भी टपकता है। मकान गिरने की स्थिति में है। उनमें से काफी नाम पात्रता की श्रेणी में आ सकते थे नीमच नगर पालिका परिषद वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद हरगोविंद दीवान एवं वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद प्रतिनिधि मुकेश पोरवाल द्वारा इस प्रमुख समस्या के समाधान की मांग करते हुए मंगलवार को जनसुनवाई में जिलाधीश के नाम ज्ञापन दिया गया। दिए ज्ञापन में पूर्व में अपात्र हुए हितग्राहियों का पुनः सर्वे कराए जाने की मांग की गई हैं, ताकि पात्र व जरूरत मंद हितग्राही सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रह सके पार्षद गणों ने इस ज्ञापन की एक प्रतिलिपि नगरी प्रशासन मंत्री कैलाशजी विजयवर्गीय को भी प्रेषित की है।