नीमच। 32 वर्षों की गौरवमयी सेवा के बाद शंकर लाल गायरी सेवानिवृत्त, समाज ने किया भव्य सम्मान नगर परिषद जावद में 32 वर्षों तक निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ सेवाएं देने के बाद शंकर लाल गायरी सेवानिवृत्त हो गए।
इस अवसर पर धनगर गायरी समाज के प्रतिनिधिमंडल द्वारा उनके सम्मान में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समाजजनों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया। समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने श्री गायरी की दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें पारंपरिक साफा बांधकर, शाल ओढ़ाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के प्रदेश प्रवक्ता रमेश धनगर ने कहा कि श्री शंकर लाल गायरी ने अपने 32 वर्षों के सेवाकाल में सदैव नगर एवं समाज हित को प्राथमिकता दी।
उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और मिलनसार व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज को उनकी सेवाओं पर गर्व है। इस गरिमामयी समारोह में शंभू लाल धनगर, गोविंद धनगर, कुलदीप धनगर, गोपाल धनगर, ओंकारलाल धनगर, मुकेश धनगर, मनीष धनगर तथा राधेश्याम धनगर सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने श्री शंकर लाल गायरी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।