रतनगढ़ । नगर के प्रसिद्ध स्टार क्रिकेट खिलाड़ी स्वर्गीय श्री पिंटू छपरीबंद की स्मृति में रॉयल क्रिकेट क्लब रतनगढ़ एवं नगर के क्रिकेट प्रेमियों द्वारा आयोजित रात्रकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ दिनांक 26 मई 2026 से उत्साह और श्रद्धा के माहौल में किया गया। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रतनगढ़ की प्रसिद्ध मुस्कान बुआ जी एवं स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद के पुत्र चीनू छपरीबंद उपस्थित रहे।
आयोजन की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात वहां मौजूद समस्त खिलाड़ियों, अतिथियों एवं क्रिकेट प्रेमियों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद राष्ट्रगान के साथ टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभकिया गया। आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि मुस्कान बुआ जी का केसरिया दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा मैच की शुरुआत कराई। आयोजन समिति ने बताया कि इस रात्रकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट में आसपास क्षेत्र की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं, जहां क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतिदिन तीन मैच खेले जाएंगे, जिससे देर रात तक खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल बना रहेगा। टूर्नामेंट में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹51,000 नगद एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी,
जबकि उपविजेता टीम को ₹25,000 नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को "मैन ऑफ द मैच" पुरस्कार भी दिया जाएगा। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा पूरे छपरीबंद परिवार का आभार व्यक्त किया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कई दिनों से लगातार मेहनत की जा रही थी। आयोजन समिति में गोलू छपरीबंद, हरिओम बैरागी, रितिक छपरीबंद, शिव फिकल सहित सभी सदस्यों की विशेष भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने रतनगढ़ नगर एवं आसपास क्षेत्र के सभी क्रिकेट प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की हैं।