नीमच ।कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को जिलाधिकारियों के साथ तहसील जीरन के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम दलपतपुरा में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों के साथ एक ही जाजम पर बैठकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल के प्रमुख निर्णय एवं निर्देशः स्वरोजगारः भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत 11 हितग्राहियों के प्रकरण तैयार किए गए पेयजलः जल निगम को क्षेत्र के सभी गांवों में 3 दिन में गुणवत्ता पूर्ण रोड रेस्टोरेशन एवं वंचित बसाहटों में हर घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश।
महाप्रबंधक जल निगम ने बताया कि दो माह में सभी गांवों में नल से जलापूर्ति प्रारंभ हो जाएगी। स्थानीय युवक प्रेमलाल को पंप ऑपरेटर का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। विद्युतः ग्राम दलपतपुरा की विद्युत लाइन जीरन से जोड़ने हेतु एक सप्ताह में सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश। लो वोल्टेज समाधान हेतु 3 दिन में अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन। सड़कः लोक निर्माण विभाग को जीरन-चीता खेड़ा सड़क की तत्काल मरम्मत एवं एक सप्ताह में गड्ढे ठीक करने के निर्देश। ग्राम हरवार में पीएमजीएसवाई की क्षतिग्रस्त सड़क संधारण अवधि में होने से ठेकेदार से तत्काल ठीक कराने के निर्देश। ग्रीष्मकालीन पेयजलः पीएचई को मंगलवार को दलपतपुरा पहुंचकर नवीन नलकूप खनन व हैंडपंपों में सिंगल फेस पंप स्थापित कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश।
अन्य विकास कार्यः स्टाप डेम मरम्मत, शाला बाउंड्री वॉल, दलपतपुरा-अघोरिया मार्ग पर पुलिया, नायनखेड़ी में शमशान शेड, खेल मैदान निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। वन क्षेत्र आबादीः वन एवं राजस्व विभाग को संयुक्त सर्वे कर एसडीएम के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर वन क्षेत्र में व्यवस्थापन की कार्रवाई करने के निर्देश। पोषणः महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से * सेम एवं मेम श्रेणी के 5 बच्चों को सुपोषण किट प्रदान की गई। मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के तहत पुरानी आबादी दलपतपुरा में सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हो गया है, शीघ्र निर्माण प्रारंभ होगा। कलेक्टर ने गांव की महिला आशा बेवा दौलत राम की समग्र आईडी बनाने, उसे नियमानुसार पेंशन का लाभदिलाने, खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्रदान करने एवं शासन की अन्य योजना का पात्रता अनुसार लाभ दिलाने के निर्देश भी पंचायत सचिव को दिए। पैर से दिव्यांग युवक पवन की मांग पर कलेक्टर ने पवन को स्वरोजगार के लिए भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण सहायता उपलब्ध कराने, तथा आवश्यकता पड़ने पर रेड क्रॉस से भी आर्थिक मदद करने का विश्वास दिलाया।
कलेक्टर ने रात्रि चौपाल के पश्चात अधिकारियों के साथ ग्राम में ही रात्रि भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वन मंडलाधिकारी एस. के. अटोदे, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित समस्त जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण जन एवं महिलाएं उपस्थित थे।