नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने एवं ग्रामीण समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आज 18 मई 2026 को शाम 5:00 बजे से ग्राम दलपतपुरा, तहसील जीरन के मिडिल स्कूल प्रांगण में रात्रि चौपाल* का आयोजन किया जा रहा है। यह जिले की तीसरी रात्रि चौपाल होगी।
इसके पहले कोज्या, एवं ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा रात्रि चौपाल में ग्रामीणजनों से सीधी चर्चा कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे। इसके लिए संबंधित विभागों को निम्नानुसार दायित्व सौंपे गए हैं। प्रमुख व्यवस्थाएं :- आधार कैंप :- जिला परियोजना समन्वयक, शिक्षा केंद्र द्वारा प्रातः 10:00 बजे से रात्रि चौपाल समाप्ति तक मिडिल स्कूल दलपतपुरा में 02 मशीनों के साथ आधार कैंप आयोजित किया जाएगा। हितग्राही मूलक योजनाओं के लिए शिविर :- कृषि, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, आदिम जाति कल्याण, खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा सायं 4:30 बजे से योजनाओं से संबंधित हितग्राही मूलक शिविर लगाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल व्यवस्था :- मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नीमच द्वारा टेंट, लाईट, माईक, साउण्ड सिस्टम, पेयजल, फ्लेक्स बैनर, एवं आवेदन लेने की ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी। विद्युत व्यवस्था :- कार्यपालन यंत्री, म.प्र.वि.वि.कं.लि. द्वारा निरन्तर विद्युत प्रवाह एवं जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी।
सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर समय पूर्व उपस्थित रहकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। तहसीलदार जीरन को समग्र समन्वय का दायित्व सौंपा गया है। सभी जिला अधिकारी कलेक्ट्रेट से विशेष यात्री वाहन(बस) से ही दलपतपुरा रात्रि चौपाल में पहुंचेंगे और इसी वाहन से दलपतपुरा से वापस नीमच आएंगे कोई भी अधिकारी अपना स्वयं के शासकीय वाहन का उपयोग नहीं करेगा। ग्राम दलपतपुरा एवं आसपास के ग्रामवासियों से रात्रि चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई हैं।