Latest News

चीताखेड़ा में कैंसर मरीजों की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, जांच शिविर लगाकर मरीजों का किया परीक्षण

Neemuch headlines May 14, 2026, 8:27 pm Technology

चीताखेड़ा। जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा में पिछले कुछ वर्षों से एक विशेष करीब 200 मीटर क्षेत्र में लगातार कैंसर मरीज सामने आने की खबर उजागर होने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। ग्रामीणों द्वारा गांव में कैंसर मरीजों की संख्या बढ़ने को लेकर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके बाद जिला कलेक्टर डॉ. हिमांशु चंद्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम चीताखेड़ा पहुंचकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कैंसर जांच शिविर लगाया। ब्लॉक मेडिकल अधिकारी पालसोडा डॉ. विजय भारती अपनी टीम के साथ शिविर में पहुंचे और कैंसर पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह देते हुए बताया कि शराब, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गांजा जैसी धुम्रपान नशा मानव जीवन के लिए बहुत ही घातक है। शिविर में कुछ कैंसर पीड़ित रोगी पहुंचे जिन्होंने डॉक्टर को जांच रिपोर्ट दिखाई और मरामर्श लिया। 8 कैंसर पीड़ितों ने बताया कि उनका इलाज अहमदाबाद एवं उदयपुर में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों की स्थिति जानने के साथ गांव में कैंसर सर्वे भी कराया गया तथा बीमारी से पीड़ित लोगों से संपर्क कर उन्हें समय पर उपचार करवाने की सलाह दी गई।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व ग्रामीणों ने गांव के एक सीमित क्षेत्र में लगातार कैंसर मरीज निकलने को लेकर पानी, मोबाइल टावर और अन्य संभावित कारणों की जांच की मांग उठाई थी। इस खबर के सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया था। अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर आयोजित कर सर्वे शुरू किए जाने से ग्रामीणों को उम्मीद बंधी है कि मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। शिविर में मेडिकल अधिकारी डॉ. आर. के. गुप्ता, बीई शक्तावत, बीसीएम परमार, बीपीएम मंसूरी, एएनएम तरुणा कनिक, सेक्टर सुपरवाइजर कुमावत, आशा सुपरवाइजर ममता परमार, सरपंच श्रीमती मंजू जैन सहित पीएचसी स्टाफ, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।

Related Post