खेत पर लगे बिजली तारों की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत।

Neemuch headlines May 12, 2026, 5:28 pm Technology

मंदसौर। पिपलियामण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम नालीखेड़ा में सोमवार सुबह एक हृदय विदारक हादसे में 13 वर्षीय बालक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजपाल पिता जीवनसिंह राजपूत उम्र 13 वर्ष, सोमवार सुबह लगभग 10 बजे गांव के समीप स्थित एक खेत पर खरबूजा खाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि उक्त खेत गांव के पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण पाटीदार का है, जहां खेत की सुरक्षा के लिए बिजली के तार बिछाए गए थे। इसी दौरान बालक तारों की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि बालक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार तेजपाल कक्षा 7 वीं का छात्र था और तीन बहनों में इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पिपलियामंडी पुलिस टीम मौके पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मल्हारगढ़ अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Post