रामपुरा। नगर के सकल लखेरा लक्षकार समाज पंच द्वारा आयोजित दो दिवसीय चेना माता-कुशला माता उत्सव एवं तुलसी विवाह कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस महोत्सव में देशभर से आए समाजजनों की उपस्थिति ने इसे एक 'महाकुंभ' का स्वरूप दे दिया।
इत्र और पुष्प वर्षा के बीच गूंजे सुमधुर भजन :-
महोत्सव का आगाज़ 8 मई (शुक्रवार) को सुबह 11 बजे विधि-विधान से आरती के साथ हुआ। शाम 5 बजे मंदिर से एक विशाल ध्वजा यात्रा निकाली गई, जो सिंघाड़ा गली स्थित श्रीराम मंदिर पहुँची। यहाँ से भगवान ठाकुर जी की बारात गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई। बारात में श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए नाका नं. 2 स्थित श्री चेना-कुशला माता मंदिर पहुँचे, जहाँ बारात का भव्य और भावपूर्ण स्वागत किया गया। रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें मंदसौर के सुप्रसिद्ध गायक सतीश हाडा और दीपराज श्याम दीवाना ने माताजी, साँवलिया सेठ और खाटू श्याम जी के भजनों की ऐसी सरिता बहाई कि पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। देर रात तक चली इस संध्या में इत्र और पुष्प वर्षा ने वातावरण को अलौकिक बना दिया।
राजसी वेशभूषा में निकला चल समारोह और तुलसी विवाह :-
9 मई (शनिवार) की सुबह रामपुरा की सड़कों पर लखेरा समाज की एकता और संस्कृति की झलक दिखाई दी। मंदिर से भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें समाज की महिलाएँ लाल चुनरी ओढ़कर सिर पर मंगल कलश धारण किए मंगल गान कर रही थीं। वहीं, पुरुष पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक साफा बांधकर एकरूपता का परिचय देते हुए नृत्य कर रहे थे। चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः मंदिर प्रांगण पहुँचा, जहाँ तुलसी माता और ठाकुर जी का पावन विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय लखेरा महासभा के मुख्य संरक्षक विष्णुप्रसाद बागड़िया (जोधपुर), राष्ट्रीय अध्यक्ष जयेश लखारा (सूरत), मप्र अध्यक्ष मोतीलाल लखेरा (इंदौर), और राजस्थान अध्यक्ष गोवर्धन लखारा (पचेवर) समाजसेवी अशोक बागड़ी (नीमच) सहित दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मप्र, गुजरात और महाराष्ट्र से उपस्थित हुए समाज के विभिन्न जिला एवं मंदिर समितियों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का भव्य स्वागत सम्मान किया गया।
समाज ने अपनी नई पौध का उत्साहवर्धन करते हुए कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं में 75% से अधिक अंक लाने वाले मेधावी बच्चों को उनके माता-पिता के साथ मंच पर बुलाकर प्रमाण पत्र एवं पुरस्कारों से नवाजा। कार्यक्रम का सफल मंचीय संचालन राजेश लक्षकार (जीरन) एवं बीएस नवरंग (रामगंज मंडी) द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता पर सकल लखेरा लक्षकार समाज पंच के अध्यक्ष शैलेंद्र लक्षकार, महामंत्री मनीष लक्षकार, आकाश भाटी, कमल सोलंकी और दिनेश केथूनिया सहित समस्त कार्यकारिणी ने देशभर से आए समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया।