Latest News

जेसीबी की टक्कर से टूटी बिजली लाइन, करंट लगने से व्यक्ति की मौत, चालक मौके से फरार।

Neemuch headlines May 7, 2026, 4:33 pm Technology

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम चल्दू में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में जेसीबी मशीन की लापरवाही के चलते बिजली की लाइन टूट गई, जिससे फैले करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मृतक अशोक चौधरी (40) पिता रोडीलाल चौधरी पिछले कई वर्षों से अपने ससुराल में रहकर मजदूरी और खेती का काम करता था। गुरुवार सुबह वह घर के बाहर बने शेड के नीचे साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक जेसीबी मशीन शेड के ऊपर से निकली बिजली की सर्विस लाइन से टकरा गई। टक्कर लगते ही विद्युत तार टूटकर नीचे आ गिरा और आसपास करंट फैल गया। अचानक फैले करंट की चपेट में अशोक आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट इतना तेज था कि अशोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद जेसीबी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार जेसीबी चालक की तलाश की जा रही है।

Related Post