Latest News

रामपुरा में सकल लखेरा समाज का दो दिवसीय महाकुंभ 8 मई से, श्री चैनामाता-कुशला माता का 37वाँ भव्य उत्सव आयोजित

Neemuch headlines May 7, 2026, 4:22 pm Technology

​नीमच। रामपुरा नगर के सकल लक्षकार (लखेरा) पंच एवं श्री पशुपतिनाथ चैना माता-कुशला माता मंदिर व्यवस्था समिति के तत्वावधान में आगामी 8 और 9 मई 2026 को समाज का विशाल दो दिवसीय 'महाकुंभ' आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 37वें वार्षिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। ​उत्सव के प्रथम दिन, 8 मई (शुक्रवार) को धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला शुरू होगी। शाम 5:00 बजे सिंगाड़ा गली स्थित प्राचीन राम मंदिर से भगवान ठाकुर जी की भव्य बारात (तुलसी विवाह) गाजे-बाजे के साथ प्रस्थान करेगी। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जब यह बारात रामपुरा नाका स्थित श्री चैना-कुशला माता मंदिर पहुँचेगी, तो वहां समाज जनों द्वारा बारात का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। भव्य भजन संध्या और छप्पन भोग :- ​08 मई 2026 की रात्रि को धर्म की गंगा बहेगी, रात्रि 8:00 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध गायकों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान भगवान ठाकुर जी को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग भी लगाया जाएगा, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। ​उत्सव के दूसरे दिन 9 मई 2026 (शनिवार) को सुबह 8:00 बजे से मंदिर प्रांगण में बोलियों का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके पश्चात एक भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। यह चल समारोह रामपुरा के नाका नंबर 02 से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ पुनः मंदिर प्रांगण पर समाप्त होगा। तत्पश्चात मंदिर परिसर में श्री ठाकुरजी एवं माता तुलसीजी का विवाह संपन्न होगा समाज की ​प्रतिभाओं का होगा सम्मान :- ​धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज ने शिक्षा को भी प्रोत्साहन देने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर विशेष प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। ​पदाधिकारियों की अपील :- ​सकल लखेरा समाज पंच रामपुरा के अध्यक्ष शैलेन्द्र कैथूनिया, महामंत्री मनीष भाटी एवं कोषाध्यक्ष आकाश भाटी ने समस्त समाज बंधुओं से निवेदन किया है कि इस दो दिवसीय महोत्सव में सपरिवार पधारकर धर्म लाभ प्राप्त करें और सामाजिक एकता को सूत्रबद्ध करने में अपना योगदान दें।

Related Post