रतलाम में डबल मर्डर, बारात में नाचने को लेकर विवाद, चाकूबाजी में 2 युवकों की मौत।

Neemuch headlines May 4, 2026, 8:34 pm Technology

रतलाम। शहर के जीआरपी थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड रेलवे क्वार्टर में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बारात में नाचने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी चाकूबाजी में बदल गई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

घटना में आरोपी पक्ष के भी दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही बारात में शामिल थे। नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्ष बारात से बाहर निकलकर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि चाकू और ईंट से हमला कर दिया गया। मृतकों की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी आनंद रावत (पिता गोविंद रावत) और पीएनटी कॉलोनी निवासी शाहबाज उर्फ आशु (पिता आफताब खान) के रूप में हुई है। वहीं, घायल पीयुष रावत (22) का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।

बीच-बचाव करना पड़ा भारी घायल पीयुष ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई आनंद और दोस्त शाहबाज के साथ शंकर मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान उनका परिचित रोजर बिन्नी वहां आया और बताया कि उसका मुन्ना और रोहित खंडकर से विवाद हो गया है। कुछ ही देर में आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब पीयुष और उसके साथियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने हमला कर दिया। मुन्ना ने पीयुष के सिर पर ईंट मार दी, जबकि रोहित ने आनंद के सीने और पेट में चाकू घोंप दिया। आनंद को बचाने आए शाहबाज पर भी चाकू से वार किया गया। इस दौरान पीयुष के गले पर भी हमला किया गया।

अस्पताल में दो को मृत घोषित घटना के बाद घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया। देर रात दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जांच जारी औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने प्रारंभिक रूप से मामला दर्ज कर जीआरपी को सौंप दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Post