मोरवन । मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत ग्राम मोरवन के आंगनवाड़ी केंद्र में शनिवार को लाड़ली लक्ष्मी उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र की लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि राकेश जाट उपस्थित रहे। साथ ही अन्य अतिथियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें शिक्षित व सशक्त बनाना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर बालिकाओं को योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बालिकाओं एवं अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।
साथ ही बालिकाओं के उत्साहवर्धन हेतु "पढ़ेगी बेटी, बढ़ेगी बेटी" और "बेटी है अनमोल रतन, शिक्षा से होगा उसका उत्थान" जैसे प्रेरणादायक स्लोगन भी प्रस्तुत किए गए, जिससे कार्यक्रम में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, बालिकाओं की माताएं एवं बहनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और शासन की इस योजना की सराहना की। उत्सव के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती जहां आरा मिर्जा सहित समस्त सेक्टर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।