मंदसौर । टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में शहर क्षेत्र 500 क्वार्टर टिगरिया में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एवं टीबी (क्षय रोग) जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना था।
शिविर के दौरान टीबी चैंपियन का स्वागत किया गया। उन्होंने अपनी उपचार अवधि के अनुभव साझा करते हुए आमजनों को जागरूक किया और नियमित इलाज के महत्व पर प्रकाश डाला। टीबी जागरूकता एवं जांच स्वास्थ्य विभाग के TBHV श्री अजय पाण्डेय ने उपस्थित नागरिकों को टीबी के लक्षणों एवं बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार खांसी, भूख में कमी, वजन घटना, रात में पसीना आना एवं बुखार टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टीबी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर 6 माह का नियमित उपचार रोगी को पूर्णतः स्वस्थ कर सकता है।
“जन-जागृति ही इसका सही इलाज है” का संदेश देते हुए सभी से समय पर जांच कराने की अपील की।