मंदसौर । जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने 69 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। कोटड़ा बूजुर्ग निवासी भेरूलाल ने स्वयं की भूमि का कब्जा दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार गरोठ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जवासिया निवासी श्यामसुंदर ने कृषि भूमि को सार्वजनिक रूप से निलाम करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार दलौदा को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। थडोद निवासी रामनारायण ने कृषि भूमि व कुंए पर जमा हो रहे गंदे पानी के निदान के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर एसडीएम मल्हारगढ़ को जांच कर आवश्यक जानकारी तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में पीएम आवास योजना का लाभ दिलवाने, मंदिर की भूमि का सिमांकन करवाने, पेंशन राशि का भुगतान करवाने, अतिक्रमण हटवाने, कृषि भूमि पर आने जाने का रास्ता खुलवाने एवं शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त करने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।