पीएम राहत योजना में जिले के सभी नर्सिंग होम एवं निजी अस्पताल पंजीयन करवाए : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

Neemuch headlines March 30, 2026, 5:45 pm Technology

मंदसौर । कलेक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा एवं पीएम राहत योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी नर्सिंग होम एवं निजी अस्पताल पीएम राहत योजना के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पंजीयन करवाएं, जिससे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने तथा अपंजीकृत निजी अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम राहत पोर्टल का नियमित अवलोकन करने एवं जरूरतमंदों को स्वप्रेरणा से योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। बैठक में परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि वाहन फिटनेस, बीमा एवं चेकिंग की कार्यवाही नियमित रूप से पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर करें तथा साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बिना बीमा वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। स्कूल वाहनों की जांच कर उनकी ओके रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया। कलेक्टर ने नगरीय निकायों को पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर उन्हें GIS पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।

साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को उज्जैन-गरोठ मार्ग पर आवश्यक सुधार कार्य करने एवं 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर कैशलेस व्यवस्था लागू करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई मार्गों पर एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में ब्लैक स्पॉट्स पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खुले कुओं को जाली से ढंकने एवं उनकी जानकारी GIS पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। नल-जल योजना के तहत बिना अनुमति सड़कों की खुदाई करने वालों के विरुद्ध नोटिस जारी कर वसूली की कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।

एलईडी हेडलाइट के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ट्रैफिक पुलिस को रात्रि में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post