मंदसौर । भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में नि:शुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया। दलौदा-सीतामऊ मार्ग स्थित ग्राम लसूडावन में सेक्टर क्रमांक 3 धूधड़का अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए नि:शुल्क प्याऊ प्रारंभ किया गया। यह प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। परिषद के परामर्शदाता रघुवीर सिंह राठौर ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में यात्रियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे राहगीरों को राहत मिल सके। इसी क्रम में विकासखंड भानपुरा के सेक्टर नावली क्रमांक-1 अंतर्गत आदर्श ग्राम श्रीनगर में नवांकुर संस्था "ग्राम उत्थान जन कल्याण सेवा संस्था" द्वारा जल मंदिर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम समन्वयक श्री रामप्रसाद मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के तहत ग्रामीणों को स्वच्छ जल के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। साथ ही ग्राम करण्डिया में भी जल मंदिर प्याऊ की स्थापना कर ग्रामीणों एवं राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जन अभियान परिषद द्वारा संचालित यह पहल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत "जल शक्ति से नव भक्ति" की भावना को साकार करते हुए जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। परिषद ने आमजन से अपील की है कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखें एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहें।