शिफा और शकीना अन्य बालिकाओं के लिए बनीं प्रेरणा

Neemuch headlines March 28, 2026, 8:09 pm Technology

मंदसौर । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नाहरगढ़ में एक प्रेरणादायक एवं भावुक पहल देखने को मिली, जहाँ नन्ही बालिकाओं शिफा और शकीना ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन लगवाकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी इस पहल ने अन्य किशोरियों एवं अभिभावकों को भी जागरूक होने का संदेश दिया है। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जानकारी दी गई तथा टीकाकरण के महत्व को समझाया गया। शिफा और शकीना ने टीकाकरण के बाद भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्होंने यह टीका अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने दोस्तों के बेहतर भविष्य के लिए लगवाया है, और वे चाहती हैं कि प्रत्येक 14 वर्ष की बालिका इस टीके का लाभ उठाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने भी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष की आयु में एचपीवी वैक्सीन लगवाकर सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव संभव है, जिससे बेटियों का भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सकता है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश भी दे रही है।

Related Post