Latest News

जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु ग्रामीण चार्ज अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

Neemuch headlines March 26, 2026, 5:39 pm Technology

मंदसौर । जनगणना 2027 के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु जिले में तैयारियों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में मंदसौर जिले में ग्रामीण चार्ज स्तर पर नियुक्त अधिकारियों के लिए जिला स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जनगणना के जिला प्रभारी अभिषेक ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 मार्च से 26 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा। इस प्रशिक्षण में भानपुरा, मल्हारगढ़, गरोठ, शामगढ़ एवं सीतामऊ तहसीलों के तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका मंदसौर के चार्ज जनगणना अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, डेटा संकलन की विधियाँ, क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय तथा डिजिटल एवं तकनीकी उपकरणों के उपयोग के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण सत्र में अभिषेक ठाकुर एवं सत्येन्द्र सिंह राठौर द्वारा जनगणना कार्य की बारीकियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्य के प्रभावी संचालन, त्रुटिरहित डेटा संकलन एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग की महत्ता पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, सटीकता एवं समन्वय आवश्यक है। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी अधिकारियों को आगामी जनगणना कार्य के लिए पूर्ण रूप से तैयार किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं मार्गदर्शक बताया गया।

जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही गई है, ताकि जनगणना कार्य को शत-प्रतिशत सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।

Related Post