विद्यार्थी प्रदेश की पहचान बनें, देश का नाम रोशन करें : उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा

Neemuch headlines March 25, 2026, 6:18 pm Technology

मंदसौर। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) मंदसौर में 1 करोड़ 86 लाख 27 हजार रुपए की लागत से बनने वाले सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर विधायक विपिन जैन, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मनु प्रिया विनीत यादव सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि डाइट के विद्यार्थी प्रदेश की पहचान बनें और जिला, प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि संस्थान में ऑडिटोरियम की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके निर्माण से शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मंदसौर का डाइट प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और इस नई सुविधा से इसकी प्रतिष्ठा और बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान भी किया। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम निर्माण में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। यदि आवश्यकता हो तो संशोधित प्राक्कलन (रिवाइज एस्टीमेट) प्रस्तुत किया जाए, ताकि बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हो सके। इस अवसर पर राज्य स्तरीय ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Related Post