मंदसौर । जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ता अपनी पिछली रिफिल डिलीवरी के 45 दिन बाद ही अगली गैस बुकिंग कर सकते हैं। वहीं सामान्य उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 25 दिन निर्धारित की गई है। यह नियम सभी गैस एजेंसियों पर समान रूप से लागू रहेगा, चाहे उनकी श्रेणी कोई भी हो। जिला आपूर्ति अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की चिंता या घबराहट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के अनुसार ही गैस बुकिंग करें और अनावश्यक जल्दबाजी से बचें, ताकि सभी को समय पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।