Latest News

जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मंदसौर जिले के 2.53 लाख परिवारों को मिल रहा निःशुल्क अनाज

Neemuch headlines March 24, 2026, 5:46 pm Technology

मंदसौर। जिला आपूर्ति विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत मंदसौर जिले में कुल 2 लाख 53 हजार 67 परिवारों को प्रतिमाह निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में वर्तमान में 537 शासकीय उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं, जिनके माध्यम से कुल 10 लाख 18 हजार 830 सदस्य इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निम्नानुसार खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है— प्राथमिक श्रेणी के परिवारों को प्रति सदस्य 4 किलो गेहूं एवं 1 किलो चावल निःशुल्क दिया जा रहा है, साथ ही 1 किलो नमक 1 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। अंत्योदय श्रेणी के परिवारों को 30 किलो गेहूं एवं 5 किलो चावल निःशुल्क, साथ ही 1 किलो शक्कर 20 रुपये प्रति किलो एवं 1 किलो नमक 1 रुपये प्रति किलो की दर से प्रति परिवार प्रदान किया जा रहा है। यह योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत संचालित की जा रही है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र परिवारों को प्रदेश में पात्रता पर्ची जारी की जाती है। इच्छुक एवं पात्र आवेदक स्थानीय निकाय या ग्राम पंचायत कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जनपद) एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी (नगरीय निकाय) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Related Post