मंदसौर। उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि वर्ष 2026 को किसानों के लिए अधिक सुरक्षित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
म.प्र. बजट अनुमान 2026-27 में फसल बीमा योजना हेतु 1299 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जा सके। मंदसौर जिले में फसल बीमा के अंतर्गत खरीफ सीजन में लगभग 6.10 लाख एवं रबी सीजन में 4.34 लाख बीमा पॉलिसियां की जाती हैं। विभाग द्वारा अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। फसल अधिसूचना के अनुसार खरीफ सीजन में सोयाबीन एवं मक्का पटवारी हल्का स्तर पर, मूंगफली तहसील स्तर पर तथा उड़द जिला स्तर पर अधिसूचित फसलें हैं। वहीं रबी सीजन में गेहूं, चना एवं राई-सरसों पटवारी हल्का स्तर पर, अलसी तहसील स्तर पर तथा मसूर जिला स्तर पर अधिसूचित की गई हैं।
विगत रबी 2023-24, खरीफ 2024 एवं रबी 2024-25 के दौरान जिले में कुल 5.37 लाख बीमित किसानों को फसल क्षति होने पर 207 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि जिले में फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों की बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है। कृषि वर्ष 2026 में भी जिले के किसानों को अधिकाधिक लाभ दिलाने के लिए फसल बीमा योजना के विस्तार, जागरूकता एवं समय पर दावा निपटान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में स्थिरता एवं कृषि क्षेत्र में मजबूती लाई जा सके।