मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने गेहूं उपार्जन खरीदी को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित कर खरीदी प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों के बारे में स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि जिले में गेहूं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सर्वेयरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, यदि किसी सर्वेयर द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 1 अप्रैल से गेहूं उपार्जन खरीदी कार्य प्रारंभ होगा। इसके पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदान (बोरियां) सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।