मंदसौर । विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ के अवसर पर 19 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश तथा मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय के सहयोग से “सम्राट विक्रमादित्य” विषय पर नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और विक्रम संवत् के महत्व को दर्शाया जाएगा।
इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान “भारत का नववर्ष विक्रम संवत्” विषयक पुस्तिका भी उपस्थित नागरिकों को अध्ययन हेतु उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे लोग भारतीय नववर्ष की परंपरा और ऐतिहासिक महत्व से परिचित हो सकें। विक्रम संवत् नववर्ष के उपलक्ष्य में जिले के प्रमुख मंदिरों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर ब्रह्मध्वज भी स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहेंगे।