Latest News

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने वीसी के माध्यम से पीएचसी-सीएचसी में ओपीडी के दौरान डॉक्टरों की उपस्थिति जांची

Neemuch headlines March 13, 2026, 5:17 pm Technology

मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा करते हुए शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के पीएचसी एवं सीएचसी केंद्रों में चल रही ओपीडी के दौरान डॉक्टरों की उपस्थिति का निरीक्षण किया।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने वीसी के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़कर यह जानकारी ली कि संबंधित केंद्रों पर कौन-कौन डॉक्टर उपस्थित हैं तथा कौन अनुपस्थित है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मेडिकल ऑफिसर, सीएचओ एवं डॉक्टर ओपीडी के समय अनिवार्य रूप से केंद्र पर उपस्थित रहकर मरीजों का उपचार करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक तथा शाम 5:00 बजे से 6:00 बजे तक ओपीडी के दौरान डॉक्टरों का उपस्थित रहना अनिवार्य है।

इस दौरान डॉक्टरों को अस्पताल से ही वीसी के माध्यम से जुड़ना होगा तथा वीडियो ऑन रखना होगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे केंद्र पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सीधे कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने बीएमओ को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा यह भी देखें कि सभी केंद्रों पर ओपीडी सुचारू रूप से संचालित हो रही है या नहीं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी डॉक्टरों की उपस्थिति सार्थक एप पर दर्ज कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा प्रतिदिन की उपस्थिति एवं ओपीडी की रिपोर्ट जिला स्तर पर प्रेषित की जाए।

जिले में वर्तमान में 41 पीएचसी केंद्र, 11 सीएचसी केंद्र एवं 176 सब-सेंटर संचालित हैं, जहां डॉक्टरों द्वारा मरीजों का उपचार किया जाता है। कलेक्टर ने वीसी के माध्यम से कई केंद्रों से जुड़े डॉक्टरों से सीधे संवाद कर उनकी उपस्थिति और केंद्र पर उपलब्ध डॉक्टरों की जानकारी भी प्राप्त की।

Related Post