मंदसौर । जिले में किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जवाहर नवोदय विद्यालय लदुना सहित जिले के अन्य विद्यालयों की 14 वर्षीय छात्राओं के लिए विशेष टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय की छात्राओं को सिविल हॉस्पिटल सीतामऊ लाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी का टीका लगाया गया। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करना तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्राओं को टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई और बताया गया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। साथ ही छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेश सोलंकी ने बताया कि जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण से जोड़कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों के सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यालय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से छात्राओं के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और उन्हें समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें, ताकि आने वाली पीढ़ी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।