नीमच। भारत की जनगणना 2027 के सफल संचालन और पर्यवेक्षण के लिए जिले में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को पी.जी.कॉलेज नीमच के कम्प्यूटर लेब में आयोजित किया गया।
अपर कलेक्टर बी.एस.कलेश की उपस्थिति में सोमवार को आयोजित इस प्रशिक्षण में बताया गया, कि आगामी जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य एक से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। जनगणना 2027 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगरीय और ग्रामीण स्तर पर चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन्हें जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी , अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जनगणना लिपिक और चार्ज अधिकारी मौजूद थे।
जनगणना के जिला प्रभारी संदीप घोरे ने एमएमएस पोर्टल पर हैण्ड्सऑन प्रशिक्षण दिया। उन्होने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, ग्राम निर्देशिका/नगर निर्देशिका अनुसूची एवं प्रकिया प्रवाह का भी हैण्ड्सऑन प्रशिक्षण दिया और प्रगणकों एवं सुपरवाईजर की सूची को एक्सेल में अपलोड कर, नियुक्ति आदेश जारी करने के बारे में भी बताया ।