Latest News

गेहूं खरीदी केंद्रों की तैयारी समय से पूर्ण करें, ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखें – कलेक्टर श्रीमती गर्ग

Neemuch headlines March 9, 2026, 6:06 pm Technology

मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम एवं तहसीलदार ऑनलाइन वीसी के माध्यम से जुड़े। कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं उपार्जन के अंतर्गत किसानों का पंजीयन कार्य 10 मार्च तक किया जाएगा।

जिले में अब तक लगभग 55 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात खरीदी केंद्रों पर गेहूं खरीदी प्रारंभ होगी, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण करें। उन्होंने केंद्रों पर भंडारण, बारदान की उपलब्धता, वेयरहाउस की जांच तथा कर्मचारियों को गेहूं गुणवत्ता संबंधी प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सरसों उपार्जन के लिए किसानों से 20 मार्च तक पंजीयन कराने की अपील की गई। कलेक्टर ने ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई, डब्ल्यूआरडी, जल निगम एवं जल जीवन मिशन के अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना बनाकर ट्यूबवेल मेंटेनेंस, मोटर कनेक्शन जांच, सामूहिक जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा तथा नई बसाहटों तक पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने एवं पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को स्कूलवार कैलेंडर बनाकर किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीनेशन का समय बढ़ाकर शाम 8 बजे तक टीकाकरण कार्य करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा कलेक्टर ने राजस्व वसूली में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने, जिला परिवहन विभाग एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने तथा “संकल्प से समाधान” अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। जल संचय जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत जिले की जल संरचनाओं को चिन्हित कर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने तथा उन पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए गए।

Related Post