मंदसौर। आयुष्मान आरोग्य मंदिर कटलार में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्रीमती ममता पाटीदार द्वारा बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी (HPV) वैक्सीन के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बालिकाओं एवं उनके माता-पिता को बताया गया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित टीका है। श्रीमती पाटीदार ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है।
समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए अधिक लाभकारी होती है और निर्धारित समय पर दोनों डोज लगवाना आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं और अभिभावकों को समझाया कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसे स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेषज्ञों की निगरानी में लगाया जाता है। इस टीके से किसी प्रकार का डर या भ्रम रखने की आवश्यकता नहीं है। वैक्सीनेशन के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए टीकाकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे और उन्होंने टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन का लाभ मिल सके, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव हो सके।