किसान कल्याण वर्ष 2026 मनरेगा के तहत ग्रामीण विकास को मिली नई गति – किसान कल्याण वर्ष 2026 में अनेक कार्य पूर्ण

Neemuch headlines March 6, 2026, 5:48 pm Technology

मंदसौर । मनरेगा प्रभारी प्रदीप चौहान द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (जय राम जी योजना) के माध्यम से व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ जल संरक्षण, कृषि उत्पादकता और आधारभूत सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में मनरेगा के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य किसानों को स्थायी लाभ देना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करना है। मनरेगा के तहत वर्ष 2025-26 में किए गए प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं – खेत तालाब – 1242 कूप रिचार्ज पिट – 4200 एक बगीचा मां के नाम योजना अंतर्गत बगीचे – 485 सीसी रोड निर्माण – 462 प्ले ग्राउंड निर्माण – 06 शांति धाम निर्माण – 15 अमृत सरोवर – 12 लूज बोल्डर संरचना – 22 सुलभ शौचालय निर्माण – 07 स्टोन बंड निर्माण – 30 प्रधानमंत्री आवास योजना में मजदूरी – 8034 हितग्राहियों को रोजगार। इन कार्यों के माध्यम से जिले में जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण और कृषि के लिए आवश्यक संसाधनों का विकास किया गया है। खेत तालाब, कूप रिचार्ज पिट और अमृत सरोवर जैसे कार्यों से वर्षा जल का संचयन बढ़ेगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा और भूजल स्तर में भी सुधार आएगा।

इसके साथ ही सीसी रोड, शांति धाम, प्ले ग्राउंड तथा सुलभ शौचालय जैसे कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में मजदूरी के माध्यम से हजारों ग्रामीण परिवारों को रोजगार प्राप्त हुआ है। जिला प्रशासन ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत आगामी समय में भी जल संरक्षण, कृषि विकास और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण क्षेत्र आत्मनिर्भर बन सकें। इन कार्यों से न केवल ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के माध्यम से गांवों के समग्र विकास को भी नई दिशा मिल रही है।

Related Post