किसान कल्याण वर्ष 2026 सहकारी बैंकों के माध्यम से कृषकों को अल्पकालीन ऋण पर मिल रहा ब्याज अनुदान

Neemuch headlines March 5, 2026, 7:09 pm Technology

मंदसौर । प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य शासन द्वारा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा खेती-किसानी से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सीईओ सहकारी बैंक सुनील कच्छावा ने बताया कि सहकारी बैंकों के माध्यम से मध्यप्रदेश में कृषकों को अल्पकालीन फसल ऋण, कार्यशील पशुपालन पूंजी एवं मत्स्य पालन कार्यशील पूंजी के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत समय पर ऋण अदायगी करने वाले कृषकों को केंद्र सरकार द्वारा 4.50 प्रतिशत तथा राज्य सरकार द्वारा 5.50 प्रतिशत की ब्याज सहायता प्रदान की जाती है, जिससे किसानों को प्रभावी रूप से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण का लाभ मिल पाता है। राज्य शासन द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में भी पूर्व वर्षों की तरह इस योजना को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इस वर्ष प्रदेश में किसानों को इस योजना का लाभ देने के लिए 720 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत यह योजना किसानों को खेती, पशुपालन एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा इससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

Related Post