मंदसौर । जिला प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों को एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। जिला प्रशासन ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है, लेकिन समय पर एचपीवी टीकाकरण से इससे काफी हद तक बचाव संभव है। यह वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीका विशेष रूप से लाभकारी है। समय पर वैक्सीन लगवाने से भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का खतरा काफी कम हो जाता है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे लेकर किसी प्रकार की भ्रांति या डर रखने की आवश्यकता नहीं है। टीकाकरण से हल्का दर्द या बुखार जैसी सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है, जो कुछ समय में स्वतः ठीक हो जाती है। जिले के सभी शासकीय अस्पतालों एवं चयनित स्वास्थ्य केंद्रों पर यह वैक्सीन उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूलों और समुदाय स्तर पर भी जागरूकता अभियान चला रही है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं तक इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ पहुंचाया जा सके। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे जागरूक बनें और अपनी बेटियों के उज्ज्वल व स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं। यह एक छोटा सा कदम है, जो भविष्य में बड़ी बीमारी से सुरक्षा प्रदान कर सकता है। “स्वस्थ बेटी – सुरक्षित भविष्य” के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और समाज में भी वैक्सीन के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाएं।