किसान कल्याण वर्ष 2026 जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार को मिला नागरिकों का उत्साहपूर्ण समर्थन

Neemuch headlines March 1, 2026, 5:51 pm Technology

मंदसौर । किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महाराणा प्रताप बस स्टैंड स्थित अभिव्यक्ति स्थल पर आयोजित जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार को नागरिकों का उत्साहपूर्ण समर्थन प्राप्त हो रहा है। यह हाट बाजार प्रत्येक रविवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। उपसंचालक कृषि श्री मोदी ने बताया कि जैविक हाट बाजार में स्थानीय किसानों द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक विधि से उत्पादित सब्जियाँ, फल, अनाज, दालें, मसाले तथा अन्य कृषि उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

आम नागरिकों ने रसायन मुक्त एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई तथा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खरीदारी की। बाजार में लोगों का उत्साह देखने योग्य रहा। जैविक हाट बाजार के माध्यम से जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषक समूह एवं स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर रहे हैं। इससे किसानों को उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिल रहा है। किसानों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से उन्हें बेहतर विपणन मंच उपलब्ध हो रहा है तथा उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। इस हाट बाजार में मटर, पालक, मेथी, टमाटर, हरा धनिया, मूंगफली, पपीता, संतरा, अमरूद, गेहूं, मक्का, ज्वार, चना, काबुली चना, किनोवा, चिया सीड, कुसुम करडी, केंचुआ खाद, हल्दी, अश्वगंधा, शहद, घी, जीवामृत एवं बीजामृत सहित अनेक जैविक उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध रहे।

शहर के उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा जिले के समस्त जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों, उत्पादक समूहों तथा क्रेता-विक्रेताओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस पहल को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।

Related Post