मंदसौर में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ

Neemuch headlines February 28, 2026, 6:52 pm Technology

मंदसौर । प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से किए गए राष्ट्रव्यापी शुभारंभ के अनुक्रम में मंदसौर जिले में सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिले में प्रथम चरण में 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिले के 10 चिन्हित स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 17 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के टीके लगाए गए। यह टीकाकरण शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण सबसे प्रभावी एवं सुरक्षित उपाय है। समय पर टीकाकरण कराने से बालिकाओं को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलती है। जिले की पात्र बालिकाओं की सुविधा के लिए जिला चिकित्सालय मंदसौर, सिविल अस्पताल भानपुरा एवं गरोठ सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हारगढ़, नगरी, शामगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, धुंधड़का तथा नारायणगढ़ में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बेटियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

Related Post