मंदसौर। जिला पोषण समिति की बैठक सुशासन भवन स्थित कलेक्टर सभागार में आयोजित की गई। बैठक अनुकूल जैन सीईओ जिला पंचायत द्वारा ली गई।बैठक में बी एल विश्नोई, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सुश्री टेरेसा मिंज, जिला शिक्षा अधिकारी सहित जिले के सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं विकास खंड समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश दिए गए कि पोषण ट्रैकर पर एक भी बच्चा पंजीयन से वंचित न रहे तथा सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित कर उन्हें पात्रता अनुसार, टेक होम राशन, गरम ताज़ा नाश्ता भोजन और प्री स्कूल की सेवाओं से लाभान्वित किया जाए। प्री-स्कूल एजुकेशन के प्रतिशत में सुधार करने तथा जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों का पंजीयन 75 प्रतिशत से अधिक करने के लिए विशेष सर्वे अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही अगली बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन से संबंधित डाटा तुलनात्मक रूप से प्रस्तुत करने तथा उसकी तुलनात्मक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निर्देश दिए गए कि किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों के निकट यदि कोई शासकीय भवन खाली उपलब्ध हो तो उसकी सूची तैयार कर प्रेषित की जाए। सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका एवं रैन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने का कार्य ग्राम पंचायत से समन्वय विकसित करने तथा पोषण वाटिका में विशेष रूप से फलदार पौधे तथा सहजन (सुरजना) के पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए। गर्भवती एवं धात्री माताओं के पंजीयन के संबंध में निर्देश दिए गए कि एएनएम की सूची का आंगनबाड़ी केन्द्रों की सूची से मिलान किया जाए, ताकि किसी प्रकार का मिसमैच सामने आ सके। सभी गतिविधियों को सर्वे आधारित बनाने, मैदानी भ्रमण बढ़ाने तथा आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गये। बैठक में निर्देश दिए गए कि कुपोषित महिला एवं बच्चों को एनआरसी में भर्ती कर उनका पूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही दूसरी संतान के जन्म पर पात्र हितग्राहियों का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराया जाए।