मंदसौर। जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन ने 58 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो।
जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। मंदसौर निवासी लक्ष्मण ने विद्युत पोल को अन्य स्थान पर लगवाने के संबंध में प्रस्तुत आवेदन में कार्यवाही करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर एमपीईबी मंदसौर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कुरावन निवासी भंवरलाल ने भूराजस्व में नाम सुधारने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर एसडीएम गरोठ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। नारायणगढ़ निवासी दुर्गाप्रसाद ने मंदिर की कृषि भूमि से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर एसडीएम मल्हारगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में आदिम जाती छात्रावास में प्रवेश, भूमि आवंटन, पीएम किसान सम्मान निधि दिलवाने एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलवाने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।