Latest News

महिला एवं बाल विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग का बनाया जाएगा डैशबोर्ड : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

Neemuch headlines February 23, 2026, 5:02 pm Technology

मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को सुशासन भवन स्थित सभागार में साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने लोक सेवा प्रबंधक को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की तर्ज पर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का समेकित डैशबोर्ड तैयार किया जाए, जिससे योजनाओं की प्रभावी समीक्षा हो सके तथा कार्यों में गति लाई जा सके। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जर्जर एवं खराब भवनों का सर्वे कर रिपोर्ट भेजे तथा जिन स्कूल भवनों की छत खराब है उनका शीघ्र मरम्मत कार्य कराया जाए। इस संबंध में प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में तंबाकू बिक्री एवं डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों के आसपास का वातावरण नियमित रूप से जांचने के निर्देश भी दिए।

बैठक में नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक माह की 3 तारीख को पानी की टंकियों की साफ-सफाई कराई जाए तथा अन्य जल स्रोतों की सफाई हेतु कैलेंडर बनाकर नियमित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिक से अधिक बच्चों को पोषण ट्रैकर से जोड़ा जाए तथा कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक 54,763 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। कलेक्टर ने क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित करने तथा एसडीएम को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। गेहूं उपार्जन अंतर्गत किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित है तथा 10 मार्च तक सत्यापन कार्य पूर्ण किया जाना है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कार्य सतत रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व विभाग को राजस्व वसूली कार्य में विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

Related Post