मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जिले की सभी 9 पीएम शालाओं के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एवं सभी प्राचार्यों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी एवं संबंधित स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि सभी पीएम विद्यालयों में शासकीय मापदंडों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस संबंध में भारत सरकार के केंद्रीय दल द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण भी किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उपलब्ध बजट का पूर्ण एवं प्रभावी उपयोग करते हुए अधूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। पीएम विद्यालयों में प्रवेश द्वार (गेट), नाम पट्टिका (बोर्ड), कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं (फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी), पुस्तकालय, इंटरनेट सुविधा, विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण, खेल मैदान, खेल शिक्षक, ग्रीन स्कूल फीचर तथा स्कूल इनोवेशन से संबंधित व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था हो, जो भी कमियां चिन्हित हों, उन्हें निर्धारित बजट के अंतर्गत शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालयों की व्यवस्थाओं का स्वमूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करें।