Latest News

चार करोड़ से बनने वाली सड़क से गुजरने वाले वाहनों से उड़ने वाले धुल के गुब्बार से फसलों का रुक गया ग्रोथ

भगत मांगरिया February 14, 2026, 8:15 pm Technology

घटिया गुणवत्ता, अवैध खनन और अधिकारियों–ठेकेदार की सांठगांठ के आरोप, नवरात्रि मेले से पहले श्रद्धालुओं व किसानों की बढ़ी मुश्किलें

चीताखेड़ा। चीताखेड़ा – रंभावली पहुंच सड़क मार्ग का निर्माण कार्य एक बार फिर ठप्प पड़ गया है।

करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र की जनता को आवागमन की बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अब इसकी नींव में ही भ्रष्टाचार की दीमक लगती नजर आ रही है। ढीले-ढाले और कथित रूप से भ्रष्ट ठेकेदार के कारण सड़क निर्माण की गति बेहद धीमी है, वहीं गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी किए जाने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। विगत 8 से 9 महिनों से सड़क से सड़क पर वाहनों से उड़ने वाली धूल फसलों पर जम रही है

जिससे फसलें बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। धुल के उड़ते गुब्बार से फसलों में विस्तार(ग्रोथ ) रूक गया है। फसलों में भारी नुकसान से किसानों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। गिट्टी और पत्थर डालकर सड़क को अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे वर्तमान सड़क के हालात इतने खराब हैं कि वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बार-बार काम रुकने से सड़क मार्ग से जुड़े किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र की आम जनता में संबंधित विभाग के आलाअफसरों व ठेकेदार की कार्य-प्रणाली के प्रति भारी आक्रोश है। सबसे गंभीर चिंता का विषय आगामी चैत्र नवरात्रि है, जो 19 मार्च से प्रारंभ हो रही है। इस दौरान आवरी माताजी मंदिर पर नौ दिनों तक भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यदि समय रहते सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार श्रद्धालुओं की आस्था में रोड़ा बनकर खड़ा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा शासकीय भूमि से अवैध रूप से मुर्रम (मिट्टी) की खुदाई पोकलेन मशीन से की गई और उसी मटेरियल का उपयोग सड़क के बेस निर्माण में कर दिया गया। इस अवैध खनन की शिकायत प्रशासन तक पहुंची थी।

इसके बाद प्रशासन ने सड़क निर्माण में उपयोग की गई मिट्टी और शासकीय भूमि से खनन की गई मिट्टी के सैंपल लेकर जांच के लिए सेंट्रल लैब भेजे थे , लेकिन हैरानी की बात है कि आज तक उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। खिलाफ आवाज उठाई गई, लेकिन खनिज विभाग के आला अधिकारियों ने मामले को दबा दिया। इससे अधिकारियों और ठेकेदार की सांठगांठ के आरोप और मजबूत होते दिखाई दे रहे हैं। खनिज विभाग अधिकारी गजेन्द्र डाबर से विस्तृत जानकारी हेतु मोबाइल पर फोन लगवाया गया बार-बार नो रिप्लाई होता रहा फोन रिसीव नहीं किया जिससे जानकारी नहीं मिली। बार-बार कार्य बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इनका कहना :- हर साल आवरी माताजी मंदिर पर लगने वाला मेले का समय नजदीक आ गया है और ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य बंद चालू का खेल खेल रहा है। अगर शीघ्र ही कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो क्षेत्र की आम जनता को आंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी।

--दशरथ माली, मंदिर सदस्य --- विगत 8 से 9 महिनों से ठेकेदार की कार्य-प्रणाली व लापरवाही के चलते सड़क पर धूल के गुब्बार उड़ रहे हैं जिससे सड़क के इर्द-गिर्द खड़ी फसलों पर जम रही है जिससे फसलों में विस्तार(ग्रोथ ) नहीं हो पा रहा है और फसलें बुरी तरह से खराब हो गई है।

---कृषक राजू खिमेसरा।

---सड़क निर्माण कार्य रोका नहीं गया है। ठेकेदार पारिवारिक समस्या होने के कारण वे घर गए हैं।

कार्य शीघ्र ही पुनः शुरू हो जाएगा।

— नेहा राठौर, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी विभाग, नीमच।

Related Post